10 लाख रंगदारी मांगने का आरोप, हीरालाल साह और साजीद अंसारी समेत अन्य पर गंभीर आरोप

झारखंड
गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के भतडीहा में दस लाख रुपये रंगदारी मांगने, हथियार के साथ घर में जबरन प्रवेश करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। भतडीहा निवासी 61 वर्षीय रामजीत साह ने नगर थाना में आवेदन देकर हीरालाल साह और साजीद अंसारी समेत अज्ञात लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

आवेदनकर्ता के मुताबिक, रंगदारी की मांग करने वाले लोगों का संबंध कथित ‘डेविल्स ग्रुप’ से होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
रामजीत साह का आरोप है कि 14 सितंबर को करीब 15 से 20 लोग हथियार के साथ उनके घर की चारदीवारी का ताला तोड़कर जबरन परिसर में घुस आए और धमकी दी। पुलिस के पहुंचने के बाद सभी लोग मौके से भाग गए। इसके बाद 27 सितंबर को भी दोबारा हथियारबंद लोगों द्वारा घर में जबरन प्रवेश करने का आरोप लगाया गया है।

आवेदन में कहा गया है कि रामजीत साह से दस लाख रुपये रंगदारी की मांग की जा रही है और रकम नहीं देने पर खून-खराबा करने, जान से मारने तथा जेसीबी से घर की बाउंड्री तोड़ने की धमकी दी जा रही है।
पीड़ित ने पुलिस से नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, घटनास्थल की जांच करने, फोटो-वीडियो और डायल 112 से जुड़े साक्ष्यों को जांच में शामिल करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल आरोप आवेदनकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। नामजद व्यक्तियों की भूमिका और कथित डेविल्स ग्रुप से उनके संबंध की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
