पितृपक्ष में चल रहा पक्ष ध्यान साधना शिविर, सत्संग में गुरु महिमा पर दिया संदेश

रांची। पितृपक्ष के अवसर पर जिला संतमत सत्संग समिति, चुटिया की ओर से महर्षि मेंहीं आश्रम में 15 दिवसीय पक्ष ध्यान साधना शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर 26 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें विभिन्न स्थानों से साधक-साधिकाएं शामिल हो रहे हैं।

शिविर के तीसरे दिन प्रातःकालीन एवं अपराह्नकालीन सत्संग में पूज्य डॉ. स्वामी निर्मलानंद जी महाराज ने गुरु की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ज्ञान का नाम ही गुरु है और उस ज्ञान को सीखने वाला शिष्य कहलाता है। स्वामी श्यामानंद जी महाराज ने कहा कि जो अज्ञान के अंधकार को दूर कर प्रकाश का दर्शन कराए और साधक को सगुण से निर्गुण की ओर ले जाए, वही सद्गुरु हैं।
स्वामी बालकृष्ण जी महाराज ने सच्चे और पूर्ण सद्गुरु की महत्ता बताई। वहीं आश्रम अध्यक्ष राजकुमार दास ने ब्रह्म के मूर्त और अमूर्त स्वरूप की व्याख्या करते हुए गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला। शिविर में ध्यान, सत्संग और आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आत्मज्ञान एवं सद्गुरु की महिमा का संदेश दिया जा रहा है।
