*हृदय रोग से पीड़ित 7 बच्चों की कोच्चि स्थित अमृता अस्पताल में सफल सर्जरी, डॉक्टर जुनैद आलम ने किया फॉलोअप।*

◼️ *राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बच्चों को निःशुल्क जांच, उपचार, सर्जरी एवं आने-जाने की सुविधा उपलब्ध।*

◼️ *अक्टूबर में संभावित रूप से गोड्डा में आयोजित होगा विशेष हृदय जांच शिविर, जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क सर्जरी के लिए भेजा जाएगा कोच्चि।*

================

विश्व हृदय दिवस के अवसर पर जिले के हृदय रोग से पीड़ित बच्चों एवं उनके अभिभावकों के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से  ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, जांच एवं आवश्यकतानुसार निःशुल्क उपचार तथा सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

चिकित्सकों के अनुसार बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की गंभीर समस्याएं पाई जाती हैं। इनमें हृदय में छेद होना, धमनियों का उल्टा होना सहित अन्य जन्मजात हृदय संबंधी बीमारियां शामिल हैं। इन समस्याओं के कारण बच्चों को सांस लेने में परेशानी, दूध पीने में कठिनाई, हाथ-पैरों में सूजन तथा उम्र के अनुसार वजन नहीं बढ़ने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में समय पर जांच एवं उपचार अत्यंत आवश्यक है।

झारखंड के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जटिल हृदय रोगों की सर्जरी की सुविधा सीमित होने के कारण सरकार की ओर से विशेष पहल की गई है। डीआईसी मैनेजर-सह-RBSK प्रबंधक श्री प्रणव झा ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सरकार द्वारा कोच्चि, केरल स्थित अमृता अस्पताल के साथ समझौता (MoU) किया गया है। इसके तहत प्रत्येक एक से दो माह के अंतराल पर विशेष जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं तथा जांच में गंभीर हृदय रोग से पीड़ित पाए जाने वाले बच्चों को आवश्यकतानुसार उच्चस्तरीय उपचार एवं सर्जरी के लिए अमृता अस्पताल, कोच्चि भेजा जाता है।

इसी क्रम में जिले एवं आसपास के क्षेत्र के 7 बच्चों की हाल ही में अमृता अस्पताल, कोच्चि में सफल हृदय सर्जरी कराई गई है। इन बच्चों के आने-जाने, उपचार एवं सर्जरी का पूरा खर्च निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। सर्जरी के बाद सभी बच्चे स्वस्थ हैं और चिकित्सकों द्वारा उनका नियमित फॉलोअप किया जा रहा है।

सदर अस्पताल में बच्चों के फॉलोअप के दौरान शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जुनैद आलम ने बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा अभिभावकों से आवश्यक परामर्श साझा किया।

डॉ. जुनैद आलम ने बताया कि इससे पूर्व हृदय रोग से संबंधित विशेष जांच शिविर रांची, देवघर एवं गिरिडीह में आयोजित किए जा चुके हैं। इसी क्रम में आगामी 25 से 30 अक्टूबर के बीच संभावित रूप से गोड्डा में विशेष हृदय जांच शिविर आयोजित किया जा सकता है। उक्त कार्यक्रम के दौरान संभावित शिविर में बच्चों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा हृदय संबंधी जांच की जाएगी। जांच के दौरान जिन बच्चों को उच्चस्तरीय उपचार अथवा सर्जरी की आवश्यकता पाई जाएगी, उन्हें निःशुल्क उपचार एवं सर्जरी के लिए अमृता अस्पताल, कोच्चि भेजने की व्यवस्था की जाएगी।

श्री प्रणव झा ने बताया कि 21 सितंबर 2026 को भी जिले के 5 बच्चों को हृदय सर्जरी के लिए अमृता अस्पताल, कोच्चि भेजा गया है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि यदि किसी बच्चे में सांस लेने में परेशानी, दूध पीने में कठिनाई, बार-बार थकान, हाथ-पैरों में सूजन अथवा उम्र के अनुरूप वजन नहीं बढ़ने जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तो समय पर चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लें।

सफल सर्जरी के बाद सदर अस्पताल पहुंचे बच्चों के अभिभावकों ने स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन एवं झारखंड सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की। अभिभावकों ने अन्य परिवारों से भी अपील की कि यदि उनके बच्चे में हृदय संबंधी बीमारी के लक्षण हैं, तो वे बिना विलंब चिकित्सकीय परामर्श लें और उपलब्ध सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाएं। ================

*#TeamPRD(Godda)*