भूमि विवाद से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हेमंत सोरेन के खिलाफ चार्ज फ्रेम।
रांची( झारखंड )-भूमि विवाद से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रांची स्थित PMLA की विशेष अदालत में बुधवार को अहम सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत के समक्ष उपस्थित हुए।

सुनवाई के दौरान विशेष PMLA कोर्ट ने मामले में आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जानकारी देते हुए PMLA की धारा 3 और 4 के तहत आरोप गठित यानी चार्ज फ्रेम कर दिया। इसके साथ ही मामले में अब ट्रायल की प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।
दरअसल, इससे पहले ट्रायल कोर्ट द्वारा चार्ज फ्रेम किए जाने की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। हालांकि, हाईकोर्ट ने फिलहाल ट्रायल कोर्ट की कार्रवाई पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था।
अब PMLA की विशेष अदालत में आरोप गठित होने के बाद मामले की सुनवाई ट्रायल के चरण में आगे बढ़ सकती है। मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया अदालत के निर्देश के अनुसार जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए PMLA की विशेष अदालत में पेश हुए। अदालत ने मामले में PMLA की धारा 3 और 4 के तहत आरोप गठित किया है। अब मामले में गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर ट्रायल की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।

