सुंदरपहाड़ी के पहाड़ पर स्थित पहाड़िया गांवों पालम डूमर एवं तेलों धनी में 22 परिवारों के बीच 52 मच्छरदानियों का वितरण।
बुखार से पीड़ित 6 व्यक्तियों की मलेरिया जांच में 2 व्यक्ति पॉजिटिव पाए गए, दवा देकर किया गया उपचार।
ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव, स्वच्छता एवं मच्छरदानी के नियमित उपयोग के प्रति किया गया जागरूक।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सुंदरपहाड़ी के अंतर्गत पहाड़ पर स्थित पहाड़िया गांव पालम डूमर एवं तेलों धनी में मलेरिया से बचाव एवं नियंत्रण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल सोरेन एवं प्रखंड प्रमुख प्रमिला टुडू के द्वारा संयुक्त रूप से 22 परिवारों के बीच कुल 52 मच्छरदानियों का वितरण कर अभियान की शुरुआत की गई।
बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की मलेरिया जांच एवं उपचार

अभियान के दौरान बुखार से पीड़ित 6 व्यक्तियों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें 2 व्यक्ति पॉजिटिव पाए गए। पॉजिटिव पाए गए दोनों मरीजों को आवश्यक दवा देकर उपचार किया गया।
स्थानीय भाषा में ग्रामीणों को किया गया जागरूक
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख प्रमिला टुडू एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल सोरेन ने स्थानीय भाषा में ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मलेरिया से बचाव के लिए घरों के आसपास साफ-सफाई रखना, जलजमाव नहीं होने देना तथा सोते समय हमेशा मच्छरदानी का उपयोग करना आवश्यक है।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बुखार या मलेरिया के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर निःशुल्क जांच एवं उपचार कराएं। समय पर जांच और समुचित उपचार से मलेरिया के गंभीर प्रभावों से बचा जा सकता है।
जागरूकता अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मलेरिया की रोकथाम, समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करना तथा लोगों को स्वच्छता एवं मच्छरदानी के नियमित उपयोग के प्रति जागरूक करना है।
इस अवसर पर प्रभात रंजन, रिजवान आलम, अरविंद कुमार, सुमित कुमार एवं सिनी संस्था से रामाकांत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
