गोड्डा में ‘राज डाँड़’ को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग पर हाई कोर्ट का अहम आदेश, तीन महीने में जाँच के निर्देश

गोड्डा। झारखंड हाई कोर्ट ने गोड्डा जिले में प्राकृतिक जलस्रोतों पर कथित अतिक्रमण से जुड़े मामले में अहम आदेश दिया है। मामला रिट याचिका W.P.(C) संख्या 7570/2026 से संबंधित है, जिसमें ईसीएल (ECL) की ललमटिया परियोजना द्वारा प्राकृतिक जल निकासी मार्गों पर कथित अतिक्रमण का मुद्दा उठाया गया है।
याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता कांति कुमार ओझा और अधिवक्ता प्रांजल चतुर्वेदी ने अदालत के समक्ष पक्ष रखा। याचिका में बोआरीजोर और महगामा प्रखंडों में सदियों से बहने वाले प्राकृतिक जलस्रोत ‘राज डाँड़’ को कथित अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाई कोर्ट ने गोड्डा के उपायुक्त (डिप्टी कमिश्नर) को तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम गठित कर तीन महीने के भीतर मामले की जाँच पूरी करने का निर्देश दिया है।
अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि यदि जाँच में प्राकृतिक नहरों और नालों पर ईसीएल द्वारा अतिक्रमण किए जाने की पुष्टि होती है, तो अतिक्रमण हटाने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।

इस आदेश के बाद अब मामले में जिला प्रशासन की जाँच और उसकी रिपोर्ट पर नजर रहेगी। जाँच में प्राकृतिक जलस्रोतों की वास्तविक स्थिति और कथित अतिक्रमण की पुष्टि होना महत्वपूर्ण होगा।
