गोड्डा-पीरपैंती मुख्य मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे, हादसे को दे रहे न्योता!

मेहरमा से महागामा तक सड़क जर्जर, वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी; निर्माण की गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल।

वरिष्ठ पत्रकार -दिलखुश कुमार

गोड्डा: गोड्डा-पीरपैंती मुख्य मार्ग (एनएच-133) की बदहाल स्थिति वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

तस्वीर गोड्डा-पीरपैंती मुख्य मार्ग पर डोय के समीप की है, जहां सड़क की हालत देखकर ही इसकी बदहाली का अंदाजा लगाया जा सकता है। मेहरमा से महागामा तक कई स्थानों पर सड़क की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को संभलकर चलना पड़ रहा है। खासकर तेज रफ्तार वाहनों और दोपहिया चालकों के लिए यह स्थिति खतरनाक साबित हो सकती है। समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई, तो किसी बड़े सड़क हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

गौरतलब है कि कुछ वर्ष पूर्व सरकारी राशि खर्च कर इस सड़क का निर्माण कराया गया था। लेकिन कुछ ही वर्षों में सड़क की हालत जर्जर हो जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। साथ ही सरकारी धन के समुचित उपयोग को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

अब सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार विभाग इस बदहाल सड़क की सुध कब लेगा? क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही सड़क की मरम्मत कराई जाएगी, या फिर समय रहते कार्रवाई होगी?

करंट झारखंड न्यूज़ की रिपोर्ट।