हर साल मिलती थी विजयादशमी की छुट्टी, इस बार क्यों नहीं? ग्रामीण बैंक कर्मचारी संघ ने उठाई आवाज

रांची। विजयादशमी के अवसर पर 21 अक्टूबर 2026 (बुधवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग तेज हो गई है। झारखंड ग्रामीण बैंक कर्मचारी संघ ने इस संबंध में झारखंड सरकार से नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 (NI Act) के तहत आवश्यक अधिसूचना जारी करने का आग्रह किया है।

संघ के महासचिव नितेश कुमार मिश्रा ने कहा कि विजयादशमी भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। यह अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। मिथिला पंचांग के अनुसार, इस वर्ष विजयादशमी 21 अक्टूबर को मनाई जाएगी।

पूर्ववर्ती परंपरा जारी रखने की मांग

नितेश कुमार मिश्रा के अनुसार, बैंकिंग क्षेत्र में विजयादशमी के अवसर पर पूर्व के वर्षों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाता रहा है। ऐसे में इस वर्ष भी इस परंपरा को जारी रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 की अवकाश सूची में इस दिन छुट्टी का प्रावधान नहीं होने से बैंककर्मियों के बीच असमंजस की स्थिति है।

परिवार के साथ त्योहार मनाने का मिले अवसर

संघ के महासचिव ने कहा कि बैंककर्मी नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आम जनता को आवश्यक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराते हैं। इनमें कई कर्मचारी अपने गृह नगर और गांव से दूर पदस्थापित हैं। विजयादशमी पर सार्वजनिक अवकाश मिलने से उन्हें अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

सरकार से अधिसूचना जारी करने का आग्रह

झारखंड ग्रामीण बैंक कर्मचारी संघ ने राज्य सरकार से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं, कर्मचारियों की भावनाओं और पूर्ववर्ती वर्षों की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 21 अक्टूबर 2026 को NI Act, 1881 के तहत सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की है।

संघ को उम्मीद है कि राज्य सरकार इस मांग पर सकारात्मक विचार करेगी और बैंककर्मियों को विजयादशमी के अवसर पर अवकाश देने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।